देश में अजान, लाउडस्पीकर और हनुमान चालीसा पर मचे बवाल के बीच बीजेपी सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने विवादास्पद बयान दिया है। सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर का कहना है कि स्वतंत्र भारत में धर्म के आधार पर उनके लिए एक देश बन चुका है तो वहां जाएं। उन्होंने कहा कि ये देश सनातनी है और सनातनी रहेगा। साध्वी प्रज्ञा के इस बयान पर राजनीतिक हलचल तेज हो गयी है। इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने इस मामले पर केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी से जवाब मांगा है।
मुख्तार अब्बास नकवी से सवाल: धर्म के आधार पर अलग देश बनने के सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बयान पर बीजेपी को घेरते हुए इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने इस मामले पर केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी से पूछा है कि वो कब देश छोड़कर जा रहे हैं। ट्विटर पर मुख्तार अब्बास नकवी को टैग करते हुए श्रीनिवास बीवी ने प्रज्ञा ठाकुर के बयान की क्लिप शेयर करते हुए लिखा, “प्रिय मुख्तार अब्बास नकवी जी, क्या आप इन मोहतरमा से सहमत हैं? आप कब जा रहे हैं दूसरे देश?”
दरअसल, भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर कल (23 अप्रैल 2022) विदिशा पहुंची थीं, जहां बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। हिंदुत्व के चेहरे का प्रचार करते हुए प्रज्ञा ठाकुर ने वहां मुस्लिमो पर जमकर निशाना साधा।
स्वतंत्र भारत में धर्म के आधार पर एक देश: मीडिया से बात करते हुए सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा था, “ये लोग हिंदुओं की लड़कियों को बरगलाते हैं, उन्हें भगाकर ले जाते हैं, जबरदस्ती उनकी शादी कराते हैं और जबरन उनका धर्मांतरण कराते हैं।” साध्वी प्रज्ञा ने आगे कहा, “हम मंदिर की बात करते हैं वो हमारे ऊपर आक्रमण करते हैं, हम शोभायात्रा निकालते हैं, भजन-पूजन करते हैं तो वो हमारे ऊपर हमला करते हैं। स्वतंत्र भारत में धर्म के आधार पर उनके लिए एक देश बन चुका है वो वहां जाएं।”
सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा था कि ये देश सनातनी है और सनातनी रहेगा। इस देश में हिंदुओं को पूजा-पाठ करने की स्वतंत्रता थी, हमेशा रहेगी और इसके लिए हम कुछ भी कर सकते हैं। हम डट के खड़े हो सकते हैं और हर तरह की कार्रवाई करने के लिए तैयार हैं।
You must log in to post a comment.