एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला के निधन के बाद टीवी जगत से लेकर बॉलीवुड तक में शोक की लहर है। लगातार फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के हस्तियों का पोस्ट सोशल मीडिया पर सामने आ रहा है। उनके अंतिम संस्कार के दौरान कई टीवी सेलेब्स कार्यक्रम में शामिल हुए थे। सिद्धार्थ के अंतिम संस्कार के बाद फेमस एक्टर करणवीर बोहरा (Karanveer Bohra) सिद्धार्थ की मां से मिलने उनके घर पहुंचे। जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें कहा जा रहा है, “सियाज गाड़ी में आए मतलब गरीब हैं।” उन्हें गरीब कहे जाने पर उन्होंने इसकी आलोचना की है।
करणवीर बोहरा ने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “सियाज गाड़ी में आए हैं, गरीब लग रहे हैं। बहुत दुख हुआ यह सुनकर। हम यहां 5 स्टार अपीयरेंस देने के लिए आए हैं क्या? हम एक ऐसी मां से मिलने आए, जिसने अभी-अभी अपना एक बेटा खोया है और निश्चित रूप से मीडिया के लोग ये नोटिस करते हैं। यह वहीं हैं जो मीडिया के लोगों को बदनाम करते हैं।” उनके इस पोस्ट पर कई सेलेब्स ने अपने रिएक्शन दिया है।
इससे पहले, सिद्धार्थ शुक्ला को एक भावनात्मक श्रद्धांजलि में करणवीर बोहरा ने लिखा था: “यह दिल दहला देने वाला है…मैं सदमे में हूं। ऐसा कैसे हो सकता है? भगवान हमारे साथ किस तरह का मजाक कर रहे हैं। उनके परिवार के लिए मैं प्रार्थना करता हूं।…भगवान उन्हें इस दुख को सहने की शक्ति दें।”
करणवीर बोहरा को कुबूल है, कसौटी जिंदगी की, कुसुम, शरत, ये है आशिकी जैसे शो में शानदार अभिनय करने के लिए जाना जाता है।
गौरतलब है कि घर में बीमार होने के बाद गुरुवार सुबह सिद्धार्थ शुक्ला को नगर निगम द्वारा संचालित आरएन कूपर अस्पताल ले जाया गया था। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। सिद्धार्थ का अंतिम संस्कार शुक्रवार को मुंबई के ओशिवारा श्मशान घाट में किया गया। शुक्रवार को ओशिवारा के श्मशान में सिद्धार्थ शुक्ला की मां रीता शुक्ला, बहनें और कथित गर्लफ्रेंड शहनाज गिल मौजूद थीं। टेलीविजन जगत के सदस्य और सिद्धार्थ के दोस्त एली गोनी, असीम रियाज, राहुल महाजन, संभावना सेठ, विकास गुप्ता, अभिनव शुक्ला, करणवीर बोहरा और शेफाली जरीवाला भी अंतिम संस्कार में मौजूद थे।
You must log in to post a comment.